हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर पहाड़ दरक गया है। जिला सिरमौर में पिछले एक सप्ताह से रुक रुक कर हो रही बारिश के कारण जगह-जगह पर भूस्खलन से कई मार्ग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो रहे हैं। मंगलवार सुबह करीब 8:30 से 9:00 बजे के करीब नाहन-श्रीरेणुकाजी-हरिपुरधार मार्ग ददाहू से एक किलोमीटर आगे भूस्खलन से पूरी तरह बंद हो गया। सोमवार से ही यहां पर हल्का भूस्खलन हो रहा था तथा बारिश के काारण पहाड़ से पत्थर भी गिर रहे थे। मंगलवार सुबह जैसे ही मशीन इस स्थान तथा भूस्खलन पर मलबा साफ कर रही थी, तो अचानक से भूस्खलन से पूरा पहाड़ सड़क पर आ गया और श्रीरेणुकाजी हरिपुरधार मार्ग बाधित हो गया।
अभी भी मार्ग पर भूस्खलन हो रहा है। वहीं लोक निर्माण विभाग ने मौके पर जेसीबी मशीन रखी है। जैसे ही पहाड़ से भूस्खलन बंद होगा, सड़क बाहल करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। लेकिन इसमें काफी समय लग सकता है क्योंकि मलबा बहुत ज्यादा है।
