सोलन से शिमला के बीच नेशनल हाईवे पर क्यारी बंगला के मोड़ पर सुबह साढ़े आठ बजे एकाएक पहाड़ी से भूस्खलन होने से फोरलेन निर्माण में लगी पोकलेन मशीन मलबे में दब गई। भूस्खलन होने से एनएच भी अवरुद्ध हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि एनएच को खोलने का कार्य शुरू कर दिया गया और करीब आधे घंटे में ही यातायात सुचारू कर दिया गया। लेकिन अभी भी रुक रुक कर भूस्खलन का सिलसिला जारी है। ऐसे में यहां से गुजर रहे वाहन चालक भी सहमे हुए हैं। भूस्खलन की सूचना मिलते ही कंडाघाट पुलिस स्टेशन से पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी व फोरलेन निर्माण में लगी मशीनों से एनएच को आधे घंटे में बहाल कर दिया गया है।
