मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा में गुरुवार रात को कुएं में फिसलकर गिरी एक बच्ची को बचाने के लिए उसकी मेड़ पर खड़े दो दर्जन से ज्यादा लोग अचानक मिट्टी धंसने से कुएं में गिर गए और मलबे में दब गए। इनमें से 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, वहीं चार लोगों की मौत हो गई है। बचाव कार्य मध्यरात्रि के बाद भी जारी रहा। घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि, अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि कुल कितने लोग इस मलबे में दबे हैं। यह कुआं करीब 50 फुट गहरा है और इसमें लगभग 20 फुट तक पानी बताया गया है। वहीं, इस हादसे में कुएं में गिरने के बाद बचाए गए दो लोगों ने बताया कि कुएं में गिरी एक बच्ची को बचाते समय यह हादसा हुआ। उसे बचाने के लिए कुछ लोग इस कुएं में उतर गए, जबकि करीब 40-50 लोग उनकी मदद करने और देखने के लिए कुएं की मेड़ और छत पर खड़े हो गए। इसी बीच कुएं की छत ढह गई, जिससे करीब 25-30 लोग कुएं में गिर गए।