भले ही इन दिनों मंडियों में सेब को अच्छी कीमत नहीं मिल पा रही लेकिन बुधवार को हिमाचल प्रदेश के ठियोग की पराला मंडी में ऐप्स वैरायटी का सेब 140 रुपये किलो के रिकॉर्ड रेट पर बिका। महाराष्ट्र के खरीदार ने 12 पेटी का लॉट खरीदा। बेहतरीन रंग, आकार, चमक और वजन के चलते सेब को बढ़िया रेट मिले। कोटखाई के जलटाहर गांव के बागवान प्रेम सिंह चौहान ने रेड डिलिशियस की नई किस्म एप्स तैयार की है। पराला मंडी की मुकंद चौहान एंड कंपनी फर्म के संचालक लायक राम चौहान ने बताया कि प्रीमियम क्वालिटी के चलते सेब को 140 रुपये प्रति किलो रेट मिले हैं। सेब की क्वालिटी विदेश से आयात होने वाले वाशिंगटन एप्पल से भी बेहतर थी।महाराष्ट्र के खरीददार समीर ने बताया कि ऐप्स सेब जल्दी खराब नहीं होता। बंगलूरू से इस सेब की डिमांड थी। पिछले साल महाराष्ट्र के भिवंडी और गोवा के माल में यह सेब बिका था। इस क्वालिटी के सेब की एडवांस डिमांड रहती है। यह पूछने पर कि सामान्य सेब को अच्छे रेट क्यों नहीं मिल रहे, समीर ने बताया कि लॉकडाउन से पैदा हुई आर्थिक मंदी के बाद सेब आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गया है। डिमांड कम होने से रेट गिरे हैं।
