हिमाचल प्रदेश में आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा। मौसम साफ रहने से तापमान में वृद्धि दर्ज की जा सकती है। हालांकि सुबह शाम व रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। बीते दिनों की बात करें तो कुछ दिन से लगातार धूप खिलने से न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। सोलन में शिमला की तुलना में रात को अधिक ठंड हो रही है। सोलन में न्यूनतम तापमान शिमला से 2.6 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया है।
धूप खिलने से प्रदेश के सात स्थानों चंबा, सुंदरनगर, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर, कुल्लू के भुंतर व ऊना का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक रहा। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। इससे न्यूनतम व अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। हालांकि शनिवार की अपेक्षा अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं आया है। रविवार को दिन में खिली धूप ने गर्मी का अहसास करवा दिया, जबकि सुबह और शाम की ठंड अब बढऩी शुरू हो गई है।