डॉ. बिंदल ने भरा कार्यकर्ताओं में जोश, बोले अभी से चुनाव प्रचार में जुटें कार्यकर्ता

Sharing is caring!

अर्की भाजपा की विशेष बैठक मंगवलार को अर्की उपचुनाव प्रभारी व नाहन के विधायक डॉ राजीव बिंदल, सह प्रभारी डॉ राजीव सहजल की मौजूदगी में हुई। प्रभारी डॉ बिंदल ने अर्की उपचुनाव हेतु सोलन व सिरमौर जिला से आये बूथ अध्यक्षों, बूथ पालकों व अन्य पदाधिकारियों की जिम्मेवारियां तय कीं। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता अपना अपना मोर्चा संभाल लें। बिंदल बोले कि अर्की चुनाव जीतने के लिए उनके पास भरपूर सामग्री है । कार्यकर्ता केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर मतदाताओं के पास जाएं। प्रदेश सरकार द्वारा अर्की क्षेत्र में करवाये गए विकास कार्यों को भी जनता के समक्ष रखें। सभी कार्यकर्ता आज ही से नहीं बल्कि अभी से चुनाव प्रचार में जुट जाएं। अर्की सीट से भाजपा की जीत निश्चित है।
इस दौरान चुनाव सह प्रभारी डॉ सहजल ने भी उपस्थित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया और कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कहा कि कार्यकर्ता अपना बूथ सबसे मजबूत के नारे को याद रखें।

गौरतलब है कि अर्की उपचुनावों में भाजपा का टिकट रतन सिंह पाल को ही मिलना लगभग तय है जो कार्यकर्ता भी भीतर से जानते हैं। इसलिए पार्टी, संगठन और कार्यकर्ता ज़ोर शोर से प्रचार में पहले ही जुट गए हैं और जीत को लेकर आश्वस्त भी हैं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री के सलाहकार त्रिलोक जमवाल,महिला आयोग की अध्यक्षा डेज़ी ठाकुर, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व हिमको अध्यक्ष रतन सिंह पाल व कई बड़े नेताओं सहित अर्की मण्डल के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।