सोलन बाजार और अतिक्रमण का रिश्ता अटूट माना जाता है और इसे तोडने के लिए कई अधिकारी आये और चले गए लेकिन सब विफल। दिन कोई भी हो यहां अतिक्रमण होता रहता है। नगर निगम भी अपनी ओर से कभी कबार औपचारिकता पूरी करने के लिए चालान कर देता है। इसी कड़ी में रविवार को भी नगर निगम की ओर से टीम आई और एक अतिक्रमणकारी की सब्जियां भी जब्त की गईं। 02 चालान किये. एक 500 तो दूसरा 1000 रूपए का। इस चालान से न तो अतिक्रमण ख़त्म होने वाला है न अतिक्रमणकारियों के हौंसले। न्यूज़ चैनलों की लाइव कवरेज तो दुकानदारों को पूरी मदद करती हैं कि कितनी देर में आप तक नगर निगम की टीम पहुँचने वाली है। बस रविवार का यह औपचारिकता भरा अतिक्रमण हटाओ अभियान 1500 रुपयों और कुछ सब्जियों के साथ ख़त्म हुआ। अब नगर निगम की यह टीम अपने अगले अभियान का इंतज़ार करेगी जब अधिकारी के आदेश उन्हें प्राप्त होंगे।
इस दौरान नगर निगम कर्मचारियों को अतिक्रमणकारी कूड़े का भी सामना करना पड़ा। हुआ यूं कि नगर निगम कर्मचारी तो निकले थे सामान का चालान करने लेकिन नगर निगम का अपना सामान तो सड़क किनारे खुद ही अतिक्रमण करता हुआ पाया गया। बात यहां कूड़े की हो रही है। कूड़ा भी इतना कि 10000 का चालान तो बन सकता था। इसको देखते हुए झट से नगर निगम की गाडी मंगवाई गई और बिना जब्त और जुर्माने के नगर निगम कर्मचारियों ने अपनी ज़िम्मेदारी को वहां से उठाया और ले गए।