हिमाचल में एक लोकसभा व 3 विधानसभा क्षेत्रों के उप चुनाव को लेकर कांग्रेस ने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। मंडी सीट से कांग्रेस ने दिवंगत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी व पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह को प्रत्याशी बनाया है।
गौरतलब है कि एमबीएम न्यूज नेटवर्क ने प्रतिभा सिंह को प्रत्याशी बनाने का खुलासा रविवार रात को ही कर दिया था। उधर, कांग्रेस ने भारी विरोध के बावजूद अर्की विधानसभा से संजय अवस्थी को ही प्रत्याशी बनाया है। फतेहपुर सीट पर भवानी सिंह पठानिया व जुब्बल सीट से रोहित ठाकुर को टिकट दिया गया है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की मंजूरी पर पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा की गई है।
कांग्रेस ने हिमाचल, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश व बिहार में उप चुनाव के प्रत्याशियों की घोषणा एक साथ की है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मुकुल वासनिक ने प्रत्याशियों की घोषणा सोमवार शाम की है।