जयराम सरकार अफसरशाही में बड़ा बदलाव कर मुख्य सचिव को बदलने की तैयारी में है।हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव अनिल खाची को बदला जा सकता है। बुधवार को भी इस संबंध में दिनभर चर्चा रही। सूत्रों के अनुसार इस संबंध में मुख्यमंत्री और मंत्रियों में मंत्रणा चल रही है।
इस बड़ी हलचल के बीच वर्ष 1987 बैच के आईएएस अधिकारी रामसुभग सिंह को हिमाचल सरकार का नया मुख्य सचिव बनाया जा सकता है। राज्य सरकार मौजूदा मुख्य सचिव अनिल खाची को राज्य चुनाव आयुक्त लगा सकती है। इसकी मंजूरी के लिए अनिल खाची की सिफारिश की फाइल राजभवन भेज दी है। पुख्ता सूचना के अनुसार राजभवन से फाइल अप्रूव हो गई है और अब किसी भी समय नोटिफिकेशन हो सकती है। इसी बीच कार्मिक विभाग भी अतिरिक्त मुख्य सचिव रामसुभग सिंह की बतौर सीएस नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर देगा। अधिकारिक सूचना के अनुसार, इस बड़े बदलाव के लिए पेश आ रही उलझनों का रास्ता तलाशा जा रहा है। इसमें यह देखा जा रहा है कि पहले नोटिफिकेशन राज्य चुनाव आयुक्त के लिए होगी या नए मुख्य सचिव की। बताते चलें कि वर्ष 1986 बैच के आईएएस अधिकारी अनिल खाची पहली जनवरी, 2020 को हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव बने थे।