अर्की: अजय भट्टी
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने अर्की विधानसभा उपचुनाव के लिए विधायक एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ राजीव बिन्दल को प्रभारी, स्वास्थ्य मंत्री डॉ राजीव सैजल को सह प्रभारी तथा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल को संगठन समन्यक नियुक्त किया है। उनका कहना है कि भाजपा ने प्रदेश में होने वाले उप चुनावों के मद्देनजर सांगठनिक तौर पर अपनी तैयारियां शुरू कर दी है और पार्टी पूरी एकजुटता के साथ इन उपचुनावो में जनता के बीच जाएगी और निश्चिततौर से इन उपचुनावो में जीत दर्ज करेगी।
गौरतलब है कि सोलन नगर निगम चुनावों में भी डॉ राजीव बिंदल ही प्रभारी बनाये गए थे वही डॉ राजीव सैजल सह प्रभारी थे। इन चुनावों में भाजपा को हार का मुँह देखना पड़ा था लेकिन एक बार भाजपा ने डॉ राजीव बिंदल पर भरोसा जताया है और उन्हें प्रभारी के तौर पर नियुक्त किया है। हालांकि इस से पहले पार्टी को अभी अपना विधायक उम्मीदवार की घोषणा भी करनी है और गुटबाज़ी को देखते हुए डॉ राजीव बिंदल की प्राथमिकता रूठों को मनाने और गुटबाज़ी तोड़ने की हो सकती है। इसके बावजूद विधायक उम्मीदवारी का दावा करने वाले नेताओं भी मनाना होगा क्योंकि यह भी जीत में बड़ी समस्या खड़ी कर सकते हैं और अगर यह चुनाव भाजपा नहीं जीत पाई तो डॉ राजीव बिंदल की साख पर सवाल उठने शुरू हो सकते हैं।
आपको बता दें कि प्रदेश में कुछ ही दिनों में उप-चुनाव की घोषणा हो सकती है और अर्की की सीट सबसे ज़्यादा सुर्ख़ियों में है। दूसरी ओर इस सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री व दिवंगत कांग्रेस नेता वीरभद्र सिंह विधायक रहे जिनके जाने के बाद अब यहां भाजपा को जीतना बहुत ज़रूरी होगा, क्योंकि अगर यह सीट अभी न जीत पाए तो 2022 के विधानसभा चुनाव में जीतना काफी मुश्किल हो सकता है।