सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट कोरोना महामारी के दौरान शिमला में अनेकों तरीकों से अपनी सेवाएं दे रहा है। महामारी के इस दौर में ट्रस्ट ने कोरोना मरीजों के लिए निशुल्क भोजन सेवा शुरू की, 3 बार रक्तदान शिविर लगाया साथ ही निशुल्क ऑक्सीजन मुहैया करवाने का काम भी किया। इस कड़ी मे सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा शिमला में मशहूर इंडियन कॉफी हाउस के कर्मचारियों को राशन सामग्री वितरित की गई।
शिमला के प्रसिद्ध इंडियन कॉफी हाउस के कर्मचारी इस महामारी की वजह से आर्थिक मार झेल रहे थे। पिछले एक वर्ष से इन कर्मचारियों को वेतन भी नही मिला है। ऐसे में इन सभी कर्मचारियों को अपना जीवन यापन करना बहुत मुश्किल हो गया था। इन सभी कर्मचारियों की सहायता करने के लिए सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट ने मदद के हाथ आगे बढ़ाए हैं और कर्मचारियों को राशन वितरित किया। ट्रस्ट के सचिव डॉ सुरेंद्र शर्मा ने कहा की इस मुश्किल समय में सभी का यह दायित्व बनता है की हम सभी जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं।
उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा इंडियन कॉफी हाउस के 40 कर्मचारियों को राशन किट वितरित की गई है। इस राशन किट में दाल, आटा, चावल, तेल साबुन व अन्य जरूरत की सामग्री शामिल है। उन्होंने आश्वासन दिलाया की यदि इसके अलावा कर्मचारियों को और भी कोई आवश्यकता पड़ी तो सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट उनकी सहायता करने के लिए तैयार खड़ा है।